बेंगलुरु, 14 जुलाई।
कर्नाटक भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री एस.वी. रामचंद्र गौड़ा का मंगलवार को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और बेंगलुरु के जिंदल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
एस.वी. रामचंद्र गौड़ा को कर्नाटक में भाजपा के शुरुआती प्रमुख नेताओं में गिना जाता था। उन्होंने राज्य में पार्टी के संगठन को मजबूत करने और उसके विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने सार्वजनिक जीवन के दौरान उन्होंने कर्नाटक सरकार में मंत्री के रूप में कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा वह कई बार विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य भी रहे।
रामचंद्र गौड़ा के निधन पर भारतीय जनता पार्टी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने शोक संदेश में कहा कि संगठन को मजबूत करने वाले समर्पित नेता के रूप में उन्होंने कर्नाटक में भाजपा को मजबूत आधार देने और शुरुआती दौर से ही पार्टी को आगे बढ़ाने में अपना पूरा जीवन समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि दशकों तक जनसेवा, विनम्रता और संगठन के आदर्शों के प्रति उनकी अटूट निष्ठा ने ऐसी विरासत स्थापित की है, जो आने वाली पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं को प्रेरित करती रहेगी।

















