लातेहार, 14 जुलाई।
लातेहार पुलिस और सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन के रीजनल कमेटी सदस्य और 20 लाख रुपये के इनामी माओवादी रविंद्र गंझू को पुलिस ने धर दबोचा है। छापेमारी के दौरान उसके पास से एके-56 राइफल, पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि रविंद्र के अपने घर आने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद कोबरा-209 बटालियन के साथ मिलकर संयुक्त टीम ने चंदवा थाना क्षेत्र के हेसला बांझीटोला गांव में घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
रविंद्र गंझू पिछले 16 वर्षों से संगठन के लिए काम कर रहा था। उस पर 18 पुलिसकर्मियों की हत्या और विभिन्न जिलों में हिंसा, विस्फोट व हथियार लूटने जैसे 154 से अधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने संगठन से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं, जिस पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
सीआरपीएफ डीआईजी पंकज कुमार ने चेतावनी दी है कि उग्रवादियों के खिलाफ अभियान तेज रहेगा। उन्होंने नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रविंद्र का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसने 2011 में पुलिस दल पर हमला, 2012 में आईईडी विस्फोट, 2013 में कटिया जंगल मुठभेड़, 2019 में पीसीआर वैन पर हमला और 2022 में वाहनों में आगजनी जैसी कई जघन्य वारदातों को अंजाम दिया था।

















