जांजगीर-चांपा, 15 जुलाई।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए मंगलवार तड़के व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर देर रात से सुबह तक जिलेभर में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 120 लीटर कच्ची महुआ शराब, 191 पाव देशी प्लेन शराब सहित कुल 39,280 रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की।
अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने किया। जिले के सभी सब-डिवीजनों में राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन कर एक साथ कार्रवाई की गई। देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित ढाबों की सघन जांच की गई। इसके बाद सुबह ग्राम तूषमा, कुरियारी, कमरीद, सहसा, पामगढ़, अकलतरा, बलौदा और सारागांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने वाले ठिकानों पर दबिश दी गई। अचानक हुई कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार पामगढ़ थाना क्षेत्र से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर 82 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में दो आरोपितों के कब्जे से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब और 60 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई। बलौदा थाना क्षेत्र में एक आरोपित से 34 पाव देशी प्लेन शराब तथा सारागांव थाना क्षेत्र में एक अन्य आरोपित से 32 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई।
इसी तरह नवागढ़ थाना क्षेत्र में एक आरोपित के पास से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब और जांजगीर थाना क्षेत्र में एक आरोपित से 30 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई। अकलतरा थाना पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें विराट ढाबा (चिंटू) से 35 पाव देशी प्लेन शराब तथा दूसरे आरोपित के कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। वहीं हाईवे स्थित विजय ढाबा में शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अलग कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और सेवन को बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















