अपराध
14 Jul, 2026

जमीन विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या की

उमरिया के महारोई गांव में जमीन पर मकान बनाने को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई के हमले से छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

उमरिया, 14 जुलाई।

उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित महारोई गांव में जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। इस दौरान बड़े भाई के हमले में छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, महारोई निवासी गिरवर सिंह राठौर और उसके छोटे भाई भोला सिंह राठौर के बीच सोमवार देर रात करीब 11 बजे जमीन के सामने वाले हिस्से में मकान निर्माण को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट में बदल गया।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची भोला सिंह की पत्नी पूजा राजपूत भी हमले की चपेट में आ गई। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें रात करीब 12 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने भोला सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं पूजा राजपूत का उपचार जारी है।

कोतवाली थाना प्रभारी मदन लाल मरावी ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान गिरवर सिंह ने डंडे से हमला किया, जिससे भोला सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव कर रही पूजा राजपूत पर भी डंडे से हमला किया गया। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन भोला सिंह को बचाया नहीं जा सका।

पुलिस ने आरोपित गिरवर सिंह राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रही बाधा को दूर कर लेंगे। सुविधा और समन्वय बना रहने से कामकाज में प्रगति बन जाएगी। आर्थिक हित के काम को साधने में मदद मिल जाएगी। यात्रा शुभ रहेगी। माता पक्ष से विशेष लाभ। कार्यक्षेत्र में संतोषजनक सफलता मिलेगी। चिंतनीय वातावरण से मुक्ति मिलेगी। शुभांक-2-4-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़