भोपाल, 14 जुलाई।
मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल और मंत्री राधा सिंह ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों और कार्यकर्ताओं द्वारा रखी गई जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना।
बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं की ओर से प्रस्तुत समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
मंत्रियों ने कहा कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय के प्रति संवेदनशील है और कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सभी प्रकरणों पर गंभीरता से कार्रवाई कर जल्द से जल्द उनका निराकरण कराया जाएगा।

















