सरकार व नीतियाँ
14 Jul, 2026

मुनाबाओ-तनोट नेटवर्क टेस्ट में जियो और एयरटेल आगे

ट्राई के मुनाबाओ-तनोट मार्ग पर किए गए मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता परीक्षण में जियो और एयरटेल ने डेटा स्पीड में बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि बीएसएनएल और वीआईएल अधिकांश मानकों पर पीछे रहे।

राजस्थान, 14 जुलाई।

राजस्थान के मुनाबाओ (बाड़मेर) से तनोट (जैसलमेर) तक राष्ट्रीय राजमार्ग-70 पर जून में किए गए ट्राई के मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता परीक्षण में जियो और एयरटेल ने डेटा स्पीड के मामले में बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया। वहीं, बीएसएनएल और वीआईएल इस परीक्षण में काफी पीछे रहे।

केंद्रीय संचार मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि परीक्षण के दौरान कवरेज, कॉल ड्रॉप रेट, कॉल सेटअप सक्सेस रेट, डेटा डाउनलोड स्पीड और अपलोड स्पीड समेत मोबाइल सेवा की गुणवत्ता से जुड़े प्रमुख मानकों का आकलन किया गया। इस दौरान सभी दूरसंचार कंपनियों के सिम कार्ड के माध्यम से 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर लाइव वॉयस और डेटा सेशन संचालित कर जांच की गई।

जारी रिपोर्ट के अनुसार कवरेज गैप के मामले में एयरटेल के 14,130 सैंपल में से 5,728 स्थानों पर नेटवर्क नहीं मिला। बीएसएनएल के 10,174 में से 8,509, आरजिल के 14,701 में से 881 तथा वीआईएल के 11,286 में से 9,227 सैंपल में कवरेज उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा कमजोर सिग्नल वाले सैंपलों की संख्या भी उल्लेखनीय रही।

कॉल ड्रॉप के आंकड़ों में एयरटेल की 48 कॉल में से 10, बीएसएनएल की 6 कॉल में से 2, आरजिल की 76 कॉल में से 3 और वीआईएल की 8 कॉल में से 1 कॉल बीच में कट गई। कॉल साइलेंस इंस्टेंस के दौरान एयरटेल की 32 कॉल में से 4, बीएसएनएल की 7 कॉल में से 2 तथा आरजिल की 68 कॉल में से 8 कॉल में तीन सेकंड से अधिक समय तक साइलेंस दर्ज किया गया। वीआईएल के संबंध में यह आंकड़ा उपलब्ध नहीं हो सका।

डेटा स्पीड के मामले में औसत डाउनलोड स्पीड एयरटेल की 42.83 एमबीपीएस, बीएसएनएल की 3.49 एमबीपीएस, आरजिल की 55.05 एमबीपीएस और वीआईएल की 0.35 एमबीपीएस दर्ज की गई। वहीं, औसत अपलोड स्पीड एयरटेल की 14.03 एमबीपीएस, बीएसएनएल की 2.80 एमबीपीएस, आरजिल की 7.01 एमबीपीएस तथा वीआईएल की 0.75 एमबीपीएस रही।

यह ड्राइव टेस्ट ट्राई के क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर की ओर से 3 जून को 311.4 किलोमीटर लंबे मुनाबाओ-तनोट मार्ग पर किया गया।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रही बाधा को दूर कर लेंगे। सुविधा और समन्वय बना रहने से कामकाज में प्रगति बन जाएगी। आर्थिक हित के काम को साधने में मदद मिल जाएगी। यात्रा शुभ रहेगी। माता पक्ष से विशेष लाभ। कार्यक्षेत्र में संतोषजनक सफलता मिलेगी। चिंतनीय वातावरण से मुक्ति मिलेगी। शुभांक-2-4-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़