टॉप न्यूज़
14 Jul, 2026

डाक विभाग ने पहली तिमाही में बनाया 4,009 करोड़ रुपये के राजस्व का रिकॉर्ड

डाक विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 4,009 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक है। विभाग ने तिमाही लक्ष्य का 81 प्रतिशत हासिल कर लिया है।

नई दिल्ली, 14 जुलाई।

डाक विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 4,009 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर नया रिकॉर्ड बनाया है। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे विभाग के आधुनिकीकरण, व्यावसायिक विस्तार और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को मजबूत करने का परिणाम बताया।

विज्ञान भवन में आयोजित डाक विभाग की तिमाही व्यावसायिक समीक्षा बैठक में सिंधिया ने पहली तिमाही के प्रदर्शन का आकलन किया। बैठक में केंद्रीय संचार राज्यमंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और देशभर के डाक सर्किलों के प्रमुख शामिल हुए।

संचार मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विभाग ने 19,803 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व लक्ष्य तय किया है। पहली तिमाही में 4,009 करोड़ रुपये की आय के साथ विभाग ने तिमाही लक्ष्य का 81 प्रतिशत हासिल कर लिया है।

समीक्षा में बताया गया कि विभाग के सभी प्रमुख कारोबार क्षेत्रों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। नागरिक-केंद्रित सेवाओं में 86 प्रतिशत की सर्वाधिक वृद्धि हुई, जबकि पार्सल सेवाओं में 50 प्रतिशत, डाक सेवाओं में 42 प्रतिशत, अंतरराष्ट्रीय एवं वैश्विक कारोबार में 34 प्रतिशत, डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 20 प्रतिशत तथा डाकघर बचत बैंक कारोबार में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

समग्र प्रदर्शन के आधार पर आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल सर्वश्रेष्ठ डाक सर्किल रहे। विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में भी कई सर्किलों ने निर्धारित लक्ष्यों से बेहतर प्रदर्शन किया।

बैठक में परिचालन दक्षता और वित्तीय स्थिति की भी समीक्षा की गई। विभाग ने बताया कि शाखा डाकघरों में शून्य कारोबार वाले लेन-देन के मामलों में 92 से 99 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है। यह सुधार डाकघर बचत बैंक, डाक जीवन बीमा तथा स्पीड पोस्ट और पार्सल सेवाओं में देखने को मिला।

सिंधिया ने अधिकारियों को राजस्व वृद्धि की गति बनाए रखने, कॉर्पोरेट ग्राहकों से जुड़ाव बढ़ाने, पार्सल एवं डाक सेवाओं का विस्तार करने और नियमित समीक्षा के जरिए वार्षिक लक्ष्यों को हासिल करने के निर्देश दिए। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने भी विभाग के बेहतर प्रदर्शन का श्रेय नियमित निगरानी, जवाबदेही और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता को दिया।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रही बाधा को दूर कर लेंगे। सुविधा और समन्वय बना रहने से कामकाज में प्रगति बन जाएगी। आर्थिक हित के काम को साधने में मदद मिल जाएगी। यात्रा शुभ रहेगी। माता पक्ष से विशेष लाभ। कार्यक्षेत्र में संतोषजनक सफलता मिलेगी। चिंतनीय वातावरण से मुक्ति मिलेगी। शुभांक-2-4-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़