अपराध
14 Jul, 2026

बोरी घटना पर सियासत तेज, आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी

बोरी थाना क्षेत्र में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के बाद चार आरोपितों की गिरफ्तारी के बावजूद क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन जारी है और मामले को लेकर कांग्रेस तथा भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

झाबुआ, 14 जुलाई।

झाबुआ विधानसभा क्षेत्र से जुड़े आलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराध की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश बना हुआ है। पुलिस चार आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।

घटना के विरोध में लोगों ने बोरी थाने का घेराव किया, नगर बंद रखा और विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन कर सभी आरोपितों की गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है और विभिन्न दल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

आलीराजपुर के पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने मंगलवार को बताया कि मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि शेष आरोपितों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

घटना की जानकारी मिलने के बाद झाबुआ से कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया पीड़िता के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने इंदौर के एमवाय अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के परिजनों से भेंट की और उपचार की जानकारी ली। कांग्रेस की ओर से पीड़िता के परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई।

घटना के बाद झाबुआ और आलीराजपुर जिलों में लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन कर सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की जा रही है। इस बीच कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच भी बयानबाजी लगातार जारी है।

घटना के संदर्भ में कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, जोबट विधायक सेना पटेल, पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधो, पूर्व विधायक महेश पटेल सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं तीसरे दिन प्रदेश सरकार के मंत्री नागरसिंह चौहान और सांसद अनिता चौहान भी ग्राम बोरी पहुंचे तथा पीड़िता के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।

डॉ. विक्रांत भूरिया ने घटना को अमानवीय बताते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तथा प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी टिप्पणी की। पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधो ने भी मंत्री नागरसिंह चौहान पर घटना को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया।

वहीं मंत्री नागरसिंह चौहान ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि अपराधी किसी भी वर्ग या पहचान का हो, कानून के अनुसार उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से इस मामले पर राजनीति नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस सक्रियता से कार्रवाई कर रही है और सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने ऐसी व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रही बाधा को दूर कर लेंगे। सुविधा और समन्वय बना रहने से कामकाज में प्रगति बन जाएगी। आर्थिक हित के काम को साधने में मदद मिल जाएगी। यात्रा शुभ रहेगी। माता पक्ष से विशेष लाभ। कार्यक्षेत्र में संतोषजनक सफलता मिलेगी। चिंतनीय वातावरण से मुक्ति मिलेगी। शुभांक-2-4-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़