दतिया, 14 जुलाई।
भारतीय जनता पार्टी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को दतिया के होटल रतन रॉयल में आयोजित संगठनात्मक बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहते हुए चुनावी रणनीति के अनुसार कार्य करने और भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण है और इसकी सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा समर्पण पर निर्भर करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा को मजबूत जनसमर्थन मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), आयुष्मान भारत सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों तक लाभ पहुंचाया है। उनका कहना था कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठन की मजबूती के कारण भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान में जुटने का आग्रह किया।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का सबसे अहम आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक लोगों से संवाद स्थापित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता, बूथ स्तर की प्रभावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा दतिया विधानसभा उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
बैठक में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, संभाग प्रभारी अभय यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा सहित जिला पदाधिकारी, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और मंडल महामंत्री मौजूद रहे।

















