नई दिल्ली, 14 जुलाई।
भारत और मालदीव के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर वार्ता का पहला दौर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। दोनों देशों के बीच यह बातचीत पिछले सप्ताह वर्चुअल माध्यम से हुई। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बताया कि विभिन्न वार्ता क्षेत्रों में दोनों पक्षों ने महत्वपूर्ण प्रगति की और कई मुद्दों पर व्यापक सहमति बनी।
मंत्रालय के अनुसार, भारत और मालदीव एक व्यापक, संतुलित और समग्र मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यह समझौता निष्पक्षता और पारस्परिकता के सिद्धांतों पर आधारित होगा।
भारत वर्तमान में मालदीव का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 77.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक रहा, जबकि वर्ष 2024-25 में यह 67.9 करोड़ अमेरिकी डॉलर था। इस प्रकार द्विपक्षीय व्यापार में 13.54 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
मंत्रालय का कहना है कि प्रस्तावित एफटीए से दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी। इसके माध्यम से बाजार तक बेहतर पहुंच, निवेश को बढ़ावा, आर्थिक सहयोग का विस्तार और दोनों देशों में सतत आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

















