नई दिल्ली, 14 जुलाई।
ईरान-अमेरिका संघर्ष के बीच अब तक 13 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन भारतीय अब भी लापता बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को ईरानी हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक बार फिर पश्चिम एशिया में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में तेजी से बदलते घटनाक्रमों पर लगातार और गंभीरता से नजर बनाए हुए है। साथ ही भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित और निर्बाध नौवहन तथा व्यापारिक गतिविधियां जारी रखने की आवश्यकता दोहराई है। उनका कहना था कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और आर्थिक सुरक्षा के लिए यह समुद्री मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे दो जहाजों एमटी अल बहिया और एमटी मोम्बासा पर हुए हमलों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की थी। इन दोनों जहाजों पर कुल 46 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 30 भारतीय नाविक शामिल थे। मंत्रालय के अनुसार, एमटी अल बहिया पर सवार 12 भारतीय नागरिकों में एक की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। वहीं, एमटी मोम्बासा पर मौजूद 18 भारतीयों में से नौ घायल हुए हैं और उनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है।

















