इंदौर, 14 जुलाई।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस के 40 दिवसीय 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत मंगलवार को इंदौर से भोपाल के लिए 'युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन' की शुरुआत की गई। करीब 200 किलोमीटर लंबी इस साइकिल यात्रा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर निकाली जा रही इस यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
जीतू पटवारी ने साइक्लोथॉन को रवाना करते हुए कहा कि यात्रा इंदौर से विभिन्न शहरों और कस्बों से होकर 15 जुलाई को भोपाल पहुंचेगी। कांग्रेस के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों के प्रति जनजागरण करना है।
इस मौके पर पटवारी ने कहा कि यह केवल साइकिल यात्रा नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर शुरू किया गया जनआंदोलन है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी से युवाओं में निराशा का माहौल बना है।
उन्होंने मांग की कि सरकारी शिक्षण संस्थानों को और अधिक मजबूत बनाया जाए, रिक्त शिक्षकों तथा सरकारी पदों पर समयबद्ध नियुक्तियां की जाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं व सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग रखी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने युवाओं से 9 अगस्त को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय छात्र आंदोलन में शामिल होने का भी आह्वान किया।
मंगलवार को यात्रा देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के आरएनटी मार्ग से शुरू होकर रीगल चौराहा, हाई कोर्ट चौराहा, लैंटर्न चौराहा, मालवा मिल चौराहा, पाटनीपुरा, भमोरी, सयाजी चौराहा, लसूडिया, विजय नगर, सत्य साईं चौराहा, देवास नाका, मंगलिया, बायपास रोड, दकाच्या, क्षिप्रा, देवास शहर और सोनकच्छ होते हुए आष्टा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। 15 जुलाई को यात्रा आष्टा से रवाना होकर भोपाल पहुंचेगी। यात्रा के दौरान इंदौर, देवास, सोनकच्छ और आष्टा सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साइक्लोथॉन का स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं ने इसमें शामिल होकर शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
साइक्लोथॉन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, एआईसीसी राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, विधायक सचिन यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे, विजयलक्ष्मी साधौ, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, चिंटू चौकसे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

















