नई दिल्ली, 14 जुलाई।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धनशोधन मामले में ईबिक्स के चेयरमैन विकास गर्ग को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने उन्हें उनके आवास से हिरासत में लिया और ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद रायपुर ले जाया जा रहा है। उन्हें बुधवार को रायपुर की पीएमएलए अदालत में पेश किया जाएगा।
ईडी के अनुसार हाल ही में विकास गर्ग, उनके परिवार के सदस्यों और उनके स्वामित्व एवं नियंत्रण वाली कंपनियों से जुड़ी 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की गई थीं। जांच एजेंसी का आरोप है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी से प्राप्त कथित अवैध धन को विकास गर्ग के नियंत्रण वाली कंपनियों में पहुंचाया गया और बाद में विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से उसका निवेश शेयरों, प्रतिभूतियों तथा अन्य परिसंपत्तियों की खरीद में किया गया।
जांच एजेंसी का कहना है कि विकास गर्ग तीन सूचीबद्ध कंपनियों विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के प्रवर्तक हैं। ईडी का आरोप है कि एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के जरिए ईबिक्सकैश में 64 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की गई, जिसके लिए कथित तौर पर ऑनलाइन सट्टेबाजी से प्राप्त धन का इस्तेमाल किया गया।
ईडी ने कहा कि महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े धन के प्रवाह, निवेश और परिसंपत्तियों के अधिग्रहण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है।

















