नई दिल्ली, 14 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कर्तव्य भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक चर्चा हुई। माना जा रहा है कि बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश से जुड़े कई अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। बताया जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ देर शाम भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस मुलाकात के बाद प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे आगामी चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है और भाजपा संगठन में संभावित बदलावों को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा हुई। हाल के दिनों में विपक्ष ने राममंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को चुनावी मुद्दा बनाना शुरू किया है, जिसे लेकर भी पार्टी ने अपनी रणनीति पर विचार किया। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान का जवाब देने के लिए नए चेहरों को सामने लाने की तैयारी पर भी चर्चा होने की बात कही जा रही है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि अयोध्या सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं को तय समय से पहले पूरा करने और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस की नीति को और प्रभावी बनाने पर भी बैठक में मंथन किया गया।

















