अलवर, 14 जुलाई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अलवर में कार्रवाई करते हुए अरावली विहार थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) शंकर लाल शर्मा को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सोमवार को एसीबी चौकी अलवर प्रथम की टीम ने की। मामले में आगे की जांच जारी है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पुत्र के खिलाफ अरावली विहार थाने में दर्ज एक मामले की जांच कर रहे शंकर लाल शर्मा मुकदमे से उसका नाम हटाने, मारपीट नहीं करने और सहयोग करने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत के अनुसार, आरोपित 13 जुलाई को परिवादी के घर पहुंचा था, जहां उसने 5 हजार रुपये ले लिए और शेष 20 हजार रुपये बाद में देने का दबाव बनाया। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसका सत्यापन कराया। जांच के दौरान आरोपित द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत लेना और शेष 10 हजार रुपये की मांग करना सही पाया गया।
इसके बाद उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण तथा एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी एवं उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपित एएसआई शंकर लाल शर्मा को सहपरिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी ने आरोपित से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

















