शिमला, 15 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक मॉनसून की सुस्ती के बाद मौसम एक बार फिर आक्रामक रुख अख्तियार करेगा। मौसम विभाग ने 18 जुलाई से मॉनसून के दोबारा सक्रिय होने और 20-21 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
विभाग ने 20 और 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इससे पहले 18 और 19 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के आसपास न जाने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 18 से 22 जुलाई तक मॉनसून की गतिविधियां तेज रहेंगी। प्रदेश में इस वर्ष जुलाई में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। 30 जून को मॉनसून के आगमन के बाद से ही बारिश का दौर जारी है।
पिछले 24 घंटों में मॉनसून के कमजोर रहने से वर्षा का असर सीमित रहा। मंडी के गोहर में 31 मिलीमीटर बारिश सबसे अधिक दर्ज की गई। वहीं, अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश के कारण उमस बढ़ गई है और तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
राज्य के विभिन्न शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा है। शिमला में 17.5 डिग्री और बिलासपुर में 24 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। अधिकारियों ने नागरिकों को अनावश्यक यात्राओं से बचने की सलाह दी है।
















