पटना, 15 जुलाई।
बांकीपुर उपचुनाव के ठीक पहले जनसुराज खेमे में भारी सेंधमारी हुई है। प्रशांत किशोर की पार्टी के कई दिग्गजों और विधानसभा चुनाव लड़ चुके पूर्व प्रत्याशियों ने अचानक पाला बदल लिया है। इन सभी ने बुधवार को भाजपा का दामन थाम लिया, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक भव्य मिलन समारोह में इन नेताओं का स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को पार्टी का अंगवस्त्र ओढ़ाकर विधिवत सदस्यता दिलाई। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और दीघा विधायक संजीव चौरसिया भी मौजूद रहे।
भाजपा में शामिल होने वालों में दीघा के पूर्व प्रत्याशी बिट्टू सिंह, कुम्हरार के प्रो. डॉ. केसी सिन्हा और मनेर सीट से चुनाव लड़ चुके गोपाल सिंह प्रमुख हैं। इनके साथ ही पटना नगर निगम की पूर्व महापौर प्रत्याशी विनीता सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी में शामिल होने के बाद प्रो. डॉ. केसी सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और आज देश को एक मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने भाजपा की नीतियों में अपनी आस्था जताते हुए प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पीएम मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि इन बड़े चेहरों के जाने से जनसुराज को बांकीपुर उपचुनाव में तगड़ा झटका लग सकता है और चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।
















