सिहोरा, 15 जुलाई।
जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा पलटी, जिसमें सवार 40 में से 23 लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ये मजदूर बहोरीबंद क्षेत्र के चरागवां और कूड़ा अमाड़ी गांव से धान की रोपाई के लिए लाहोद जा रहे थे। लमकना रोड पर सिमरिया मोड़ के पास ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के चक्कर में चालक वाहन पर से संतुलन खो बैठा।

हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सिहोरा के शासकीय अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। गनीमत रही कि सभी को मामूली चोटें आई हैं।
पिकअप में क्षमता से अधिक करीब 40 लोगों को बैठाया गया था, जो इस दुर्घटना का मुख्य कारण बना। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घायलों में प्रियंका, आशीष, राजू चौधरी, अर्चना और ज्योति सहित अन्य कई ग्रामीण शामिल हैं।
















