देवरिया, 15 जुलाई।
बरहज-सोनूघाट मार्ग की खस्ताहाली और क्षेत्र में व्याप्त बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी अब आर-पार की लड़ाई के मूड में है। सपा नेता विजय रावत ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि जनसमस्याओं का निराकरण नहीं हुआ, तो वे 21 जुलाई से भूख हड़ताल करेंगे।
नगर के काली मंदिर परिसर में ग्रामीणों के साथ हुई बैठक में विजय रावत ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि स्थानीय निवासियों को बदहाल सड़कों और बिजली कटौती के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन को 20 जुलाई तक का समय दिया है।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि सड़क की जर्जर स्थिति से आवागमन बेहद कठिन हो गया है। नेताओं ने साफ किया कि अगर मांगे पूरी नहीं होती हैं, तो अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान बैठक में विकास यादव, संजय सिंह, अजीत प्रसाद समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से जल्द राहत की उम्मीद जताई है।















