महानपुर, 15 जुलाई।
सरकारी डिग्री कॉलेज महानपुर की एनएसएस इकाई ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं और स्थानीय निवासियों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और उन्हें एक स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था।
प्राचार्या डॉ. संगीता सुदान के दिशा-निर्देशन और डॉ. रुपाली जसरोटिया की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में कई रचनात्मक गतिविधियां शामिल थीं। छात्रों ने उत्साह के साथ जागरूकता रैली निकाली, स्लोगन लेखन में भाग लिया और पोस्टर मेकिंग के जरिए नशे के खिलाफ संदेश दिया।
प्राचार्या ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को खेल, शिक्षा और समाज सेवा जैसे रचनात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे समाज से नशे की कुरीति को मिटाने के लिए संकल्पित होकर कार्य करें।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित प्रतिभागियों और कॉलेज स्टाफ ने नशा मुक्त समाज बनाने की सामूहिक शपथ ली। इस मौके पर कॉलेज के वरिष्ठ प्रोफेसर और अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
















