सीवान, 16 जुलाई।
नगर थाना क्षेत्र के दरबार सिनेमा के समीप स्थित एक साड़ी दुकान में भीषण आग लगने से कोहराम मच गया। इस अग्निकांड में दुकान में रखा साड़ियों का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। पीड़ित व्यवसायी के अनुसार इस घटना में लगभग 25 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है।
दुकान मालिक शेषनाथ मिश्रा ने बताया कि उन्होंने बुधवार रात दुकान बंद करते समय बिजली का मुख्य स्विच बंद कर दिया था। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर देखा कि पूरी दुकान आग की लपटों में घिरी थी। स्थानीय लोगों और अग्निशमन विभाग की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग की चपेट में आने से काउंटर, कंप्यूटर, बिलिंग मशीन, सीसीटीवी सिस्टम और बड़ी मात्रा में तैयार कपड़े नष्ट हो गए। व्यवसायी ने इसे महज एक सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार किया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
पीड़ित दुकानदार का कहना है कि यह दुकान ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा थी। अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजा और हरसंभव आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है, ताकि वे दोबारा अपना काम खड़ा कर सकें।











