पोखरा, 16 जुलाई।
भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा क्षेत्र में आपसी सहयोग को और अधिक प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से पोखरा में भारत-नेपाल संयुक्त संचालन समिति (जेएससी) की 13वीं बैठक संपन्न हुई। भारत के विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल और नेपाल की ऊर्जा सचिव सरिता दवाड़ी ने इस बैठक की सह-अध्यक्षता की।
इससे पहले संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजी) की भी बैठक आयोजित की गई, जिसमें ट्रांसमिशन और बिजली व्यापार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने 400 केवी गोरखपुर–न्यू बुटवल ट्रांसमिशन लाइन की प्रगति पर संतोष जाहिर किया और जारी परियोजनाओं में तेजी लाने पर सहमति बनी।
दोनों पक्षों ने पनबिजली उत्पादन, हरित हाइड्रोजन और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है। साथ ही, दोनों देशों के विद्युत ग्रिड के समन्वित संचालन और विशेषज्ञों की क्षमता निर्माण जैसे विषयों पर भी गंभीर मंथन हुआ।
बैठक से पूर्व, भारतीय विद्युत सचिव ने नेपाल के ऊर्जा मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ से भेंट की थी। दोनों देशों का मानना है कि इन चर्चाओं से साझा ऊर्जा परियोजनाओं को नई गति मिलेगी और आपसी रिश्ते और भी मजबूत होंगे।












