वाशिंगटन, 16 जुलाई।
अमेरिका ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ईरान पर हमलों की एक नई लहर शुरू की है। अमेरिकी सेना ने बताया कि तेहरान की समुद्री मार्ग को निशाना बनाने की क्षमता को कमजोर करने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब इस सैन्य अभियान को और अधिक विस्तारित करने की संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं, ताकि इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से ईरान के दबदबे को कम किया जा सके।
आज सुबह तेहरान में एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय होते देखा गया और तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। यह घटनाक्रम ईरान द्वारा बहरीन और कुवैत सहित क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला करने के दावे के बाद सामने आया है।
अमेरिकी सेना ने खर्ग द्वीप की ओर जा रहे एक खाली तेल टैंकर को निष्क्रिय कर दिया है। यह नौसैनिक नाकेबंदी लागू होने के बाद से निशाना बनाया गया पहला जहाज है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के साथ किसी भी प्रकार की बातचीत की संभावना से साफ इनकार कर दिया है।
इस बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि ईरान ने दिसंबर 2024 से हिरासत में बंद एक अमेरिकी महिला को रिहा कर दिया है। ट्रंप ने इसे ईरान की ओर से एक सद्भावनापूर्ण कदम बताया है।













