काठमांडू, 16 जुलाई।
नेपाल की प्रांतीय राजनीति में एक बड़ा भूचाल आने के संकेत मिल रहे हैं। नेपाली कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की पार्टी सीपीएन (यूएमएल) के साथ चल रहे मौजूदा सत्ता गठबंधन को खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। कांग्रेस अब अपनी नई राजनीतिक साझेदारी के लिए पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' की नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा) के साथ गहन संवाद में जुट गई है।
इस राजनीतिक उठापटक के चलते प्रदेश सरकारों में फेरबदल होना लगभग तय माना जा रहा है। जल्द ही कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकारों से यूएमएल के मंत्रियों की विदाई हो सकती है, वहीं यूएमएल के नेतृत्व वाली सरकारों से कांग्रेस के मंत्री बाहर हो सकते हैं। पार्टी के आला नेताओं के मुताबिक, फिलहाल मुख्यमंत्री पद के बंटवारे और मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी को लेकर विभिन्न दलों के बीच मंथन का दौर जारी है।
कांग्रेस और नेकपा के बीच प्रदेश स्तर पर नई सत्ता साझेदारी का खाका तैयार किया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि प्रदेशों में होने वाले इन बदलावों की आंच राष्ट्रीय राजनीति तक भी पहुंच सकती है। आने वाले कुछ दिनों में केंद्र की राजनीतिक रणनीति में बड़े फेरबदल होने की प्रबल संभावना है।













