पश्चिम बंगाल
16 Jul, 2026

खड़गपुर पुलिस की नई पहल, जीपीएस से लैस होगी गश्ती गाड़ियां, अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई

खड़गपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए मोबाइल वैन में जीपीएस लगाने का निर्णय लिया है और साथ ही नशीले पदार्थों व यातायात नियमों के उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का ऐलान किया है।

खड़गपुर, 16 जुलाई।

अपराधों पर नकेल कसने और पुलिसिंग को हाई-टेक बनाने के लिए अब खड़गपुर में कमर कस ली गई है। जिला पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने जानकारी दी कि खड़गपुर टाउन थाना क्षेत्र की गश्ती गाड़ियों और मोबाइल वैन में जीपीएस प्रणाली को अनिवार्य किया जा रहा है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई यह व्यवस्था रात के समय पुलिस की सक्रियता पर सटीक नजर रखेगी। इससे कंट्रोल रूम से लेकर आला अधिकारियों तक हर गाड़ी की लोकेशन पल भर में पता चल सकेगी, जिससे आपात स्थिति में तुरंत निर्णय लेना आसान होगा।

पुलिस का मानना है कि रेल नगरी के रूप में पहचान रखने वाले खड़गपुर में असामाजिक तत्वों और गिरोहों पर लगाम लगाने के लिए यह जरूरी है। बीते कुछ दिनों में चलाए गए विशेष तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी की आधा दर्जन मोटरसाइकिल, एक टोटो और एलईडी टीवी के साथ आधा दर्जन चोरों को दबोचा है। इसके अलावा अवैध शराब और गांजा जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले 28 अपराधियों को भी सलाखों के पीछे भेजा गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि माफियाराज को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आने वाले दिनों में खड़गपुर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक चुस्त होगी, जिसके तहत शहर में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे बदलकर नए आधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया भी शुरू होगी, हालांकि स्पष्ट किया गया है कि अभी कोई बेदखली अभियान नहीं चलाया जाएगा। साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उल्टा रथ के बाद सघन जांच अभियान चलाया जाएगा, जिसमें हेलमेट नहीं पहनने और फोन पर बात करते हुए गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़