लखनऊ, 16 जुलाई।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार किया है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि पीडीए का नारा अब पूरी तरह बेअसर हो चुका है और सपा अध्यक्ष अपनी साख बचाने के लिए पानी की तरह पैसा बहा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के अन्य नेता जहां जंतर-मंतर पर संघर्ष कर रहे हैं, वहीं अखिलेश यादव को एसी कमरों और सोशल मीडिया तक सीमित रहने वाला नेता करार दिया।
राजभर ने अपने सोशल मीडिया संदेश में दावा किया कि अखिलेश यादव अपनी चुनावी नैया पार लगाने के लिए किसी विदेशी कंपनी के साथ गुप्त समझौते में व्यस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कंपनी का मुख्य कार्य समाज में जातियों के बीच संघर्ष पैदा करना है, ताकि चुनावी लाभ उठाया जा सके। राजभर ने कटाक्ष किया कि चुनावी जीत के लिए विदेशी रणनीति अपनाना केवल धन की बर्बादी है और इससे सपा को कोई विशेष फायदा नहीं मिलने वाला।
उन्होंने अखिलेश यादव को मित्रवत सलाह देते हुए कहा कि विदेशी सलाहकार और कंपनियों के चक्कर में पड़कर अपनी राजनीतिक प्रतिष्ठा और पैसा दोनों न गंवाएं। राजभर ने कहा कि फंडिंग और विदेशी रणनीतियों के भरोसे चुनाव नहीं जीते जाते, अन्यथा अन्य विपक्षी दल आज बेरोजगार न बैठे होते। बकौल राजभर, वे केवल अपने मित्र को सही रास्ता दिखा रहे हैं, बाकी अंतिम निर्णय लेना अखिलेश का अपना विवेक है।











