सरूपेटा, 16 जुलाई।
बजाली जिले के सरूपेटा इलाके में स्थित अजासंतर गांव में बीती रात भीषण अग्निकांड ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अचानक लगी आग में अजीत पाठक का आशियाना पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस हादसे में घर का सारा सामान और अनाज राख के ढेर में तब्दील हो गया।
इतना ही नहीं, इस भयावह घटना में घर में रखी पुआल के साथ एक मवेशी की भी जलकर दर्दनाक मौत हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस फिलहाल आग लगने के ठोस कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट या जलते हुए चिराग से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन की ओर से इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और विस्तृत जांच की जा रही है। इलाके में हुई इस तबाही ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है। फिलहाल पुलिस टीम साक्ष्यों के आधार पर इस अग्निकांड की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।










