बलरामपुर, 16 जुलाई।
जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में जारगीम गांव के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। धान की रोपाई के बाद घर लौट रही महिला मजदूरों से भरी पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक महिलाएं घायल हुई हैं।
हादसा बुधवार देर रात उस समय हुआ जब पिकअप में 20 से 25 महिला मजदूर सवार थीं। जारगीम गांव के पास अंधे मोड़ पर अचानक वाहन पलट जाने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने फौरन मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को घटना की सूचना दी।
मृतक महिलाओं की पहचान परेवा गांव निवासी विमला नगेशिया (40) और कामेश्वरी पैकरा (46) के रूप में हुई है। घायल महिलाओं को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से तीन की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है।
शंकरगढ़ पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस घटना से शोक की लहर है और पुलिस घायलों के उपचार पर नजर बनाए हुए है।











