फतेहाबाद, 16 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल जींद में प्रस्तावित विशाल जनसभा का फतेहाबाद में सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। डीपीआरसी हॉल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में रूपरेखा तैयार की गई। इसमें संगठन के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
इस बार कार्यक्रम का स्वरूप पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ इको-फ्रेंडली रखा गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अनाज मंडी से साइकिल रैली निकालकर डीपीआरसी हॉल पहुंचेंगे। यह प्रयास स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए है।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ता नगर परिषद परिसर से ई-स्कूटी पर सवार होकर कार्यक्रम स्थल तक जाएंगी। प्रशासन ने हॉल में बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए हैं ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।











