नारनौल, 16 जुलाई।
सीआईए टीम ने नसीबपुर जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी की पहचान गांव खायरा निवासी बब्बू के रूप में हुई है, जो इस पूरे हमले की साजिश का मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है।
पुलिस ने उसे 14 जुलाई को राजस्थान के काठुवास टोल प्लाजा के पास से दबोचा था। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान जब पुलिस टीम हथियारों की बरामदगी के लिए उसे राजस्थान के सरिस्का पहाड़ियों में ले गई, तो आरोपी ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की।
बदमाश ने पुलिसकर्मियों को जोरदार धक्का देकर भागने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच उसका पैर एक पत्थर पर फिसल गया। गिरने के कारण वह घायल हो गया, जिससे पुलिस को उसे दोबारा काबू करने में मदद मिली। उसे इलाज के लिए विराटनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध पिस्टल और लोहे की रॉड बरामद कर ली है। यह मामला डोहर कलां निवासी नरेंद्र द्वारा अपने भाई विक्रांत पर मंदिर के पास हुए हमले को लेकर दर्ज कराया गया था। पुलिस इस मामले में अब तक 13 आरोपितों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है और इस गिरफ्तारी से जाँच को और मजबूती मिली है।











