रायपुर, 16 जुलाई।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का चौथा दिन हंगामेदार रहने के आसार हैं। सदन में आज कुल 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव चर्चा के लिए रखे गए हैं, जो सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस का कारण बन सकते हैं। आठ विधायक अपनी याचिकाएं भी सदन में प्रस्तुत करेंगे।
प्रश्नकाल में मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों का जवाब देंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े व दयालदास बघेल सदन के पटल पर आधिकारिक पत्र रखेंगे।
विधायी कार्यों की बात करें तो आज 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' विधेयक पारित होने की उम्मीद है। उद्योग मंत्री औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन विधेयक और गृहमंत्री विजय शर्मा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा संशोधन विधेयक सदन में पेश करेंगे।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के मुद्दे पर विधायक सुशांत शुक्ला सरकार को घेरेंगे, जिसका जवाब खाद्य मंत्री दयालदास बघेल देंगे। साथ ही अजय चंद्राकर प्लास्टिक उपयोग पर रोक और सुशांत शुक्ला खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए अशासकीय संकल्प लाएंगे।











