रायपुर, 16 जुलाई।
केंद्र सरकार के हालिया फैसलों ने छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और कृषि विकास के लिए एक नई राह खोल दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कैबिनेट द्वारा सेमिकॉन 2.0, राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 और मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना को दी गई मंजूरी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताई है।
मुख्यमंत्री ने इन निर्णयों को 'विकसित भारत' की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि सेमिकॉन 2.0 योजना से देश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार होगा। इससे छत्तीसगढ़ में भी निवेश के नए रास्ते खुलेंगे और राज्य उच्च तकनीक आधारित उद्योगों का केंद्र बनेगा।
उर्वरक क्षेत्र पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 से किसानों को खाद की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इससे राज्य के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन में नई मजबूती आएगी। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर अन्नदाताओं की समृद्धि के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना के माध्यम से भारत वैश्विक स्तर पर इलेक्ट्रॉनिक निर्यात का हब बनेगा। इससे राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के बेहतरीन अवसर पैदा होंगे। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के नवाचार और आधुनिकीकरण के इस मॉडल से छत्तीसगढ़ का भी तेजी से विकास होगा।











