रिषड़ा, 16 जुलाई।
पश्चिम बंगाल के रिषड़ा में स्थानीय राजनीति ने अचानक करवट ले ली है। नगरपालिका चेयरमैन विजय सागर मिश्रा ने बुधवार देर रात अपना इस्तीफा ईमेल के जरिए श्रीरामपुर के एसडीओ को भेज दिया है। उनके इस फैसले से शहर के सियासी गलियारों में खलबली मच गई है। माना जा रहा है कि उनके इस कदम से नगरपालिका के कामकाज पर बड़ा असर पड़ेगा और वहां की सत्ता व्यवस्था में उथल-पुथल की स्थिति पैदा हो गई है।
सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, इस घटनाक्रम के बाद अब नई मुसीबत खड़ी हो सकती है। चर्चाएं हैं कि नगरपालिका के वाइस चेयरमैन जाहिद हसन खान सहित सात अन्य पार्षद भी शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा देने की तैयारी में हैं। हालांकि, अभी तक इन इस्तीफों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन वार्ड 15 की पार्षद विजेता देवटिया के पूर्व में दिए गए इस्तीफे ने इस चर्चा को और भी बल दे दिया है।
चेयरमैन के इस्तीफे को लेकर सोशल मीडिया पर भी विभिन्न प्रकार की टिप्पणियां सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे राजनीतिक दबाव का नतीजा बता रहे हैं, तो कुछ इसे परिस्थितियों का असर मान रहे हैं। यदि शुक्रवार को प्रस्तावित इस्तीफे होते हैं, तो रिषड़ा नगरपालिका का सियासी समीकरण पूरी तरह से बदल जाएगा। फिलहाल नगर के लोगों की निगाहें शुक्रवार के घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं कि आखिर नगरपालिका के भीतर का यह घमासान किस दिशा में मोड़ लेता है।













