नोएडा, 16 जुलाई।
जनपद में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना सूरजपुर क्षेत्र में साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल होने वाले म्यूल खातों के चार धारकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। इन खातों के जरिए लोगों को ठगने का काम किया जा रहा था।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि उप निरीक्षक आयुषी मिश्रा द्वारा दी गई शिकायतों के आधार पर मनीष नागर, प्रिंस भाटी, अंकित कुमार और गौरव कुमार को नामजद किया गया है। मनीष नागर और गौरव कुमार का खाता यूको बैंक की मकोड़ा शाखा में, प्रिंस भाटी का खाता कोटक महिंद्रा बैंक में और अंकित कुमार का खाता एचडीएफसी बैंक में है।
जांच में सामने आया है कि इन चारों के बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधियों ने अवैध लेनदेन और लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के लिए किया था। इन सभी खातों की शिकायत पहले से ही नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज थी।
पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि इन खातों को किन अपराधियों ने संचालित किया और इसके पीछे कौन सा बड़ा गिरोह सक्रिय है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने बैंक खातों को किसी भी अनजान व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें।











