टोहाना, 16 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी हरियाणा दौरे को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। इस ऐतिहासिक आगमन के स्वागत स्वरूप प्रदेशभर में 'स्वच्छता ही स्वागत' अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को टोहाना के भाटिया धर्मशाला रोड पर एक विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया, जिसमें राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने स्वयं झाड़ू उठाकर जनभागीदारी की मिसाल पेश की।
सांसद बराला ने नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर श्रमदान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छ परिवेश ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की असली आधारशिला है। उनके अनुसार, स्वच्छता केवल सरकारी महकमों का काम नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का नैतिक धर्म है।
अभियान के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 13 से 17 जुलाई तक हरियाणा में चल रहा यह विशेष कार्यक्रम 'स्वच्छ भारत' के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने के लिए है। यह केवल एक स्वागत का आयोजन नहीं, बल्कि स्वच्छता के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री 17 जुलाई को जींद से प्रदेश को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। सांसद ने विश्वास जताया कि यदि हर व्यक्ति अपने गली-मोहल्ले को साफ रखने का संकल्प ले, तो भारत को स्वच्छ बनाने का सपना जल्द ही साकार होगा। उन्होंने सभी से इस अभियान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की है।











