सोनीपत, 16 जुलाई।
गन्नौर क्षेत्र के आहुलाना गांव में गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली पैरलल नहर से निकले रजवाहे की पटरी अचानक टूट गई, जिससे बड़ी मात्रा में पानी आसपास की पंचायती जमीन और खेतों में फैल गया।
पानी के तेज बहाव से लगभग डेढ़ एकड़ धान की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई। किसानों ने अपने स्तर पर मिट्टी डालकर पटरी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पानी का दबाव अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली।
ग्रामीणों का आरोप है कि नहरी विभाग को सूचना देने के बाद भी अधिकारी काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंचे। इससे स्थिति और बिगड़ गई और फसल को भारी नुकसान की आशंका बढ़ गई।
नुकसान कम करने के लिए आनन-फानन में नहर की सप्लाई रोकी गई। बाद में विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन के साथ पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू करवाया। सरपंच प्रतिनिधि ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
गांव वालों ने विभाग से रजवाहे की पटरी को स्थायी रूप से मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है ताकि अन्नदाताओं की मेहनत खराब न हो।











