सोनीपत, 16 जुलाई।
शहर में अपराधमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सोनीपत पुलिस अब व्यापारियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत अब हर महीने पुलिस और व्यापारिक संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का तुरंत निराकरण हो सके।
गुरुवार को सिटी थाना परिसर में एसीपी (सिटी-2) निधि नैन की अध्यक्षता में इस संवाद बैठक की शुरुआत हुई। बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय सिंगला समेत अनेक प्रमुख व्यापारियों ने हिस्सा लिया। चर्चा के दौरान पुलिस अधिकारियों को बाजारों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
व्यापारियों ने विशेष रूप से बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण, चोरियों की घटनाओं पर लगाम लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। साथ ही, नशीले पदार्थों के कारोबार और भीख मांगने वाले गिरोहों पर नकेल कसने पर जोर दिया गया। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों का दायरा बढ़ाने का सुझाव भी रखा गया।
एसीपी निधि नैन ने कहा कि पुलिस और आम जनता का सहयोग ही सुरक्षित शहर की नींव है। व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला ने इस पहल का स्वागत करते हुए प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। बैठक में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि पारदर्शिता और जनसहभागिता के माध्यम से सोनीपत को एक सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाया जाएगा।











