सुल्तानगंज, 16 जुलाई।
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला शुरू होने में अब केवल 13 दिन शेष बचे हैं, लेकिन सुल्तानगंज में तैयारियों की तस्वीर बेहद चिंताजनक है। अजगैविनाथ और नमामि गंगे घाट पर काम तो चल रहा है, लेकिन कांवरिया पथ की बदहाली श्रद्धालुओं की परेशानी का सबब बनी हुई है।
पूरे रास्ते में अभी तक मिट्टी और बालू भराई का कार्य अधूरा पड़ा है, जिसके चलते मार्ग जर्जर और कीचड़युक्त हो गया है। जगह-जगह जलजमाव और गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जो कांवरियों की राह में बड़ी बाधा हैं। हालांकि, धांधली बेलारी में कांवरियों के ठहराव के लिए जर्मन हेंगर लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
मेला क्षेत्र में बनाए गए पार्किंग स्थलों की स्थिति भी बदतर है। यहां न तो अभी तक शौचालय की व्यवस्था है और न ही पानी या पर्याप्त रोशनी का इंतजाम हो पाया है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन के दावों के बावजूद धरातल पर काम बेहद कछुआ गति से हो रहा है।
दुकानदारों ने अपने स्तर पर दुकानें सजाना शुरू कर दिया है क्योंकि श्रद्धालु अभी से ही क्षेत्र में पहुंचने लगे हैं। यदि प्रशासन ने युद्धस्तर पर काम में तेजी नहीं दिखाई, तो इस बार लाखों कांवरियों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है।











