वर्धा, 16 जुलाई।
महाराष्ट्र के वर्धा जिले में एक 12 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या की नृशंस घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। सावंगी थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस में बच्ची का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ, जिसे हत्यारों ने पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में भारी आक्रोश फैल गया और भारी भीड़ जमा हो गई। सावंगी पुलिस टीम ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली।
गांव में तनाव के मद्देनजर गुरुवार सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। मृतक बालिका का परिवार खेती-मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करता है। बच्ची की इस निर्मम हत्या से शोकाकुल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस आरोपितों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई कर रही है। अपराध में शामिल संदिग्धों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आने के बाद इस वीभत्स घटना के कारणों और हत्यारों की पहचान का पूरा खुलासा हो सकेगा।











