रायपुर, 16 जुलाई।
राजधानी पुलिस ने एक बड़े साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए झारखंड के बोकारो से दो अंतरराज्यीय ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों पर मोबाइल हैक कर एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये उड़ाने का आरोप है।
पीड़ित विष्णु दत्त बघेल ने थाना डीडी नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर आए एक फर्जी मैसेज को खोलते ही फोन हैक हो गया। इसके बाद 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच उनके बैंक खातों से कुल 3.94 लाख रुपये की अवैध निकासी हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो में मिली। वहां छापेमारी कर टीम ने विशाल कुमार सिंह और महेश प्रसाद सिंह को धर दबोचा।
पूछताछ में उन्होंने फर्जी मैसेज के जरिए मोबाइल हैक करने की बात कबूल ली है। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल और चेकबुक जब्त की है। अब पुलिस इस साइबर अपराध से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।











