सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 जुलाई।
वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में एक नई मिसाल कायम की है। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत वय वंदना योजना के क्रियान्वयन में जिला राज्य में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। यहां 81 प्रतिशत से अधिक पात्र बुजुर्गों के कार्ड बनाकर उन्हें निःशुल्क उपचार के दायरे में लाया गया है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी नागरिकों को सालाना 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है। राज्य स्तरीय समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, जिले में 27,514 का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके विरुद्ध 22,333 बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड सफलतापूर्वक बनाया जा चुका है। प्रदेश का औसत कवरेज 64 प्रतिशत है, जिसके मुकाबले जिले की 81.17 प्रतिशत उपलब्धि बेहद सराहनीय है।

इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन की दूरदर्शिता और स्वास्थ्य अमले की मेहनत मुख्य है। जिला कलेक्टर ने बताया कि जनहितैषी योजनाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। इस काम में मितानिनों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले ने घर-घर जाकर लाभार्थियों की पहचान की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने इस उपलब्धि को पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया है। टीम ने न केवल डेटा एंट्री बल्कि सक्रिय सर्वे कर कार्ड बनवाने में अद्वितीय समर्पण दिखाया। इस प्रदर्शन ने स्वास्थ्य विभाग का मनोबल बढ़ाया है और प्रशासन ने भविष्य में भी योजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने का संकल्प लिया है।











