नई दिल्ली, 16 जुलाई।
राजधानी स्थित शहीद भगत सिंह कॉलेज ने अपनी स्थापना के 60 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस उपलक्ष्य में आयोजित डायमंड जुबली समारोह में शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कॉलेज पिछले छह दशकों से न केवल उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि 'राष्ट्र प्रथम' के संस्कारों से विद्यार्थियों को ओतप्रोत कर राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा है।
समारोह में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारियों और पूर्व विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश की शिक्षण व्यवस्था में नवाचार और अनुसंधान को नई गति मिली है। ऐसे में शहीद भगत सिंह कॉलेज जैसे शिक्षण संस्थान इस राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं।
गौरतलब है कि शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह के नाम पर स्थापित यह कॉलेज वर्ष 1967 से दिल्ली विश्वविद्यालय के अंतर्गत ज्ञान का प्रकाश फैला रहा है। सह-शिक्षा प्रणाली वाले इस कॉलेज की नींव 'राष्ट्र देवो भव' के मंत्र पर आधारित है।
यह मोटो ही कॉलेज के विजन को परिभाषित करता है, जो शहीद-ए-आजम के उन महान आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात करता है, जिनके अनुसार राष्ट्र की सेवा ही सर्वोपरि है। आज यह संस्थान देश के बौद्धिक विकास में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी दर्ज करा रहा है।











