औरैया, 16 जुलाई।
जनपद में यमुना नदी में छलांग लगाने वाले डॉक्टर सौरभ वाजपेयी का शव घटना के करीब 15 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। एसडीआरएफ की टीम ने गुरुवार सुबह सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान शव को नदी से बाहर निकाला।
डॉ. सौरभ ने बुधवार शाम यमुना पुल से नदी में कूदने से पहले इंस्टाग्राम पर दो वीडियो जारी किए थे। इसमें उन्होंने एक निजी अस्पताल संचालक के रिश्तेदार पर मारपीट और थप्पड़ मारने का गंभीर आरोप लगाया था। इस मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर अस्पताल संचालक एसपी सिंह और उनके रिश्तेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के अनुसार, मामले में अस्पताल संचालक एसपी सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृतक डॉक्टर लखीमपुर खीरी के निवासी थे और पिछले दो वर्षों से राम औतार मेमोरियल हॉस्पिटल में कार्यरत थे। घटना के बाद से उनके परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।











