पंडरिया, 16 जुलाई।
पंडरिया के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए राहत भरी खबर है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना ने पेराई सत्र 2025-26 की शेष एफ.आर.पी. राशि का भुगतान कर दिया है। 18.97 करोड़ रुपये की बकाया राशि किसानों के खातों में हस्तांतरित होने के साथ ही इस सत्र का शत-प्रतिशत भुगतान पूर्ण हो गया है।
विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से यह उपलब्धि रिकॉर्ड समय में हासिल की गई है। कारखाना प्रबंधन के अनुसार, 4,961 गन्ना विक्रेताओं को यह राशि जारी की गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले पांच वर्षों की तुलना में यह अब तक का सबसे त्वरित भुगतान है।
कारखाना के प्रबंध संचालक यू.के. कौशिक ने बताया कि इस सत्र में 329.05 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीदी की गई थी। इसके तहत कुल 40.05 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना था, जिसमें से शेष बची राशि आज जारी कर दी गई।
इस मौके पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि किसानों का हित उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती से ही गांव और प्रदेश की समृद्धि सुनिश्चित होती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शेष रिकवरी राशि का भुगतान भी जल्द कराने का आश्वासन दिया है।










