फरीदाबाद, 16 जुलाई।
ग्रेटर फरीदाबाद में बरसात के दौरान धंसी सड़कों के मामले में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने सख्त रुख अपना लिया है। नियमों को ताक पर रखकर काम करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ बीपीटीपी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित ठेकेदार को पूछताछ के लिए जल्द बुलाया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह बुधवार की रात हुई भारी बारिश के बाद सेक्टर-89 और सेक्टर-80 में मुख्य सड़कें अचानक धंस गई थीं। स्थिति इतनी गंभीर थी कि पूरे रास्ते को बंद करना पड़ा था। सूचना मिलते ही एफएमडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर रात भर वाहन चालकों को दुर्घटना से बचाने के लिए मोर्चा संभाला था।
प्राधिकरण की जांच में सामने आया कि सड़क के नीचे बिना किसी अनुमति के पाइप और बिजली की केबल बिछाई गई थी। इसके लिए सड़क की खुदाई तो की गई, लेकिन मरम्मत के दौरान तकनीकी मानकों का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया। नतीजतन, लगातार बारिश से मिट्टी बह गई और सड़क बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई।
कार्यकारी अभियंता केएस पठानिया ने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने या सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी बिल्डर या एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों के अनुसार, खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत तय मानकों के तहत करना अनिवार्य है। प्राधिकरण अब इन अनियमितताओं को लेकर पूरी तरह सजग है।











