कुम्हारी, 16 जुलाई।
दुर्ग-रायपुर नेशनल हाइवे-53 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से जा टकराई, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में भिलाई-3 निवासी अमृता निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली ने दम तोड़ दिया। वहीं, 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज रायपुर एम्स में चल रहा है।
कुम्हारी थाना पुलिस के मुताबिक, स्कूटी सवार कुल पांच लोग भिलाई से रायपुर अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इस दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर लदे खड़े ट्रैक्टर के पीछे स्कूटी अनियंत्रित होकर जा घुसी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक भोला यादव को हिरासत में ले लिया है। दोनों वाहनों को जब्त कर पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।













