मुंबई, 17 जुलाई।
बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचीं रानी उस समय पैपराजी से नाराज नजर आईं, जब उन्हें लगा कि कहीं उनकी बेटी आदिरा की तस्वीरें कैमरे में कैद न हो गई हों।
एयरपोर्ट पर रानी ने फोटोग्राफर्स से तुरंत पूछा, "बेटी की तस्वीर तो नहीं ली है ना?" इसके बाद उन्होंने कैमरे की ओर देखकर यह सुनिश्चित किया कि आदिरा की कोई तस्वीर रिकॉर्ड नहीं हुई है। दरअसल, रानी को लेने उनकी बेटी एयरपोर्ट पहुंची थीं, लेकिन वह कैमरों से दूर रहीं और उनकी कोई तस्वीर सामने नहीं आई।
रानी मुखर्जी और उनके पति आदित्य चोपड़ा शुरू से ही अपनी बेटी की निजता को लेकर बेहद सजग रहे हैं। दोनों ने हमेशा आदिरा को मीडिया और सार्वजनिक चर्चा से दूर रखने का फैसला कायम रखा है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने रानी के इस कदम की सराहना की। प्रशंसकों का कहना है कि एक मां के रूप में उन्होंने अपनी बेटी की निजता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी, जो पूरी तरह उचित है।
रानी मुखर्जी और आदित्य चोपड़ा ने वर्ष 2014 में इटली में निजी समारोह में विवाह किया था। वर्ष 2015 में उनकी बेटी आदिरा का जन्म हुआ। दोनों ने हमेशा अपनी पारिवारिक जिंदगी को सार्वजनिक नजरों से दूर रखा है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो रानी मुखर्जी हाल ही में फिल्म 'मर्दानी 3' में नजर आई थीं। इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म में उन्होंने पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका निभाई, जो बाल तस्करी और बच्चों से भीख मंगवाने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान चलाती हैं। फिल्म को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और यह अब ओटीटी मंच पर भी उपलब्ध है।













