भोपाल, 17 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के अंतर्गत देश के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के 13 प्रमुख स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप में जनता को समर्पित किया जाएगा, जिनमें सांची, विदिशा, अशोकनगर और शिवपुरी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़ में आयोजित मुख्य समारोह में हिस्सा लेंगे। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के इन स्टेशनों को 'विरासत भी, विकास भी' की तर्ज पर स्थानीय संस्कृति और आधुनिक वास्तुकला के अनूठे मेल से तैयार किया गया है।
स्टेशन परिसर में दोपहर 2 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम और फिल्म प्रदर्शन होंगे, जिसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर 3:40 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इनका लोकार्पण करेंगे। करीब 1,570 करोड़ रुपये की कुल लागत से देशभर में इन स्टेशनों का कायाकल्प किया गया है।
इन स्टेशनों पर अब यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें नए शेड, बैठने की बेहतर व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली और बेहतर प्रकाश व्यवस्था शामिल है। साथ ही, स्टेशनों को पूरी तरह से दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है ताकि सभी को सुगम यात्रा का अनुभव मिले।
टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव रेलवे स्टेशन के साथ ही 189 करोड़ रुपये से अधिक की अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। इसमें जतारा, बड़ागांव धसान और खरगापुर के सांदीपनि विद्यालय शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ भी वितरित किए जाएंगे।












