बन्नू, 17 जुलाई।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस और काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बन्नू जिले में मिली गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए एक अभियान में सुरक्षा बलों ने पांच आतंकवादियों को ढेर कर दिया है।
मुठभेड़ के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पांच संदिग्ध मौके पर ही मारे गए, हालांकि कुछ अन्य अपराधी वहां से भाग निकलने में कामयाब रहे। घटना के बाद इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस ने मारे गए आतंकियों के पास से पांच कलाश्निकोव राइफल, दस मैगजीन, पांच बैंडोलियर, दो हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि मारे गए लोगों की पहचान की जा रही है।
प्रांतीय पुलिस महानिरीक्षक ने सख्त लहजे में कहा है कि इन आतंकियों को पनाह देने वाले मददगारों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













