मुंबई, 16 जुलाई।
अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने अपनी आगामी हॉरर फिल्म 'रागिनी 3' की शूटिंग शुरू कर दी है। बालाजी मोशन पिक्चर्स की लोकप्रिय रागिनी फ्रेंचाइजी की इस नई कड़ी का निर्देशन शशांका घोष कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग 15 जुलाई से लंदन में शुरू हो चुकी है।
तमन्ना ने सोशल मीडिया पर क्लैपरबोर्ड की तस्वीर साझा कर शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी। इसके साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता भी बढ़ गई है।
फिल्म का पहला शेड्यूल लंदन में पूरा किया जाएगा। इसके बाद आने वाले महीनों में अन्य स्थानों पर भी शूटिंग की जाएगी। फिलहाल निर्माताओं ने फिल्म की कहानी और बाकी कलाकारों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।
निर्माताओं के अनुसार, 'रागिनी 3' में अलौकिक हॉरर, सस्पेंस और मनोरंजन का वही अंदाज देखने को मिलेगा, जिसने इस फ्रेंचाइजी को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई है। फिल्म को 'डेट नाइट हॉरर' के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
यह फिल्म वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा तमन्ना भाटिया अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म 'वन' में भी नजर आएंगी, जो 25 सितंबर को रिलीज होने वाली है।














